अंबेडकरनगर : गुरुवार देर रात अकबरपुर-इब्राहिमपुर मार्ग पर दल्लापुर बाजार के निकट एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंकित यादव (25) और उनके मित्र हिमांशु सिंह उर्फ रिंकू (25) के रूप में हुई है। दोनों इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के दाढ़ी मोहम्मदपुर गांव के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, अंकित यादव अपनी ससुराल गए थे और रिंकू उनके साथ था। देर रात करीब 11 बजे दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे दल्लापुर बाजार के पास पहुंचे, अचानक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक सहित उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस पहुंची। घायल हालत में दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में कोहराम, गांव में छाया शोक
घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का कहना है कि दोनों युवक अभी जीवन की शुरुआत कर रहे थे और अचानक इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने फरार चार पहिया वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ