अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) : हाथरस से चलकर आ रही ऊंचाहार एक्सप्रेस के अलीगढ़ जंक्शन पहुंचते ही स्टेशन पर हड़कंप मच गया। रात करीब 1:40 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर ट्रेन के रुकते ही स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्जिकल ऑपरेशन चलाकर दो बदमाशों को दबोच लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चार बदमाश ट्रेन में सवार होकर आ रहे हैं। इस खुफिया जानकारी के आधार पर तीन थानों की करीब 12 पुलिस गाड़ियां स्टेशन के बाहर तैनात कर दी गईं। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने से पहले ही स्टेशन पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया था।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगते ही पुलिस ने एस-3 से एस-6 कोच को घेर लिया। प्लेटफॉर्म की दूसरी ओर पटरियों के पास भी भारी तैनाती की गई। एक दरोगा के नेतृत्व में टीम एस-4 कोच में घुसी। अंदर से "साहब, मिल गए" की आवाज सुनते ही अन्य पुलिसकर्मी भी बोगी के अंदर दौड़ पड़े।
15 मिनट चली ताबड़तोड़ कार्रवाई
करीब 15 मिनट तक बोगी के अंदर अफरा-तफरी का माहौल रहा। यात्रियों में भी हड़कंप मच गया। एक यात्री ने खिड़की से झांकते हुए पूछा, "का है गऔ.. कोई आतंकवादी चढ़ गऔ का?" लेकिन पुलिस ने बिना किसी प्रतिक्रिया दिए अपनी कार्रवाई जारी रखी।
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने चार बदमाशों में से दो को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य युवक को शक के आधार पर उतारा गया, लेकिन पूछताछ के बाद उसे सामान्य यात्री पाते हुए छोड़ दिया गया। बाकी दो बदमाशों की तलाश जारी है।

0 टिप्पणियाँ