वाराणसी : मंगलवार को पुलिस ने नौकरी के झांसे में बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ठगने वाले एक बड़े गिरोह को धर दबोचा है। डीसीपी वरूणा प्रमोद कुमार के निर्देशन में एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना और सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी की टीम ने छापेमारी कर छह लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को कॉल सेंटर संचालक बताकर बेरोजगार युवकों-युवतियों को आकर्षक नौकरियों का लालच देते थे। वे सोशल मीडिया और मोबाइल कॉल के जरिए संपर्क करते और विभिन्न कंपनियों में नौकरी दिलाने का भरोसा देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग और सिक्योरिटी फीस के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।
संगठित ठगी सिंडीकेट
शुरुआती जांच में पता चला कि यह कोई वैध कॉल सेंटर नहीं था, बल्कि नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय था। कई बेरोजगार युवा इस गिरोह के जाल में फंस चुके हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल फोन, दस्तावेज, रजिस्टर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इनकी जांच की जा रही है और ठगी की पूरी श्रृंखला खंगाली जा रही है।
डीसीपी वरूणा प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। बरामद सामग्री और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ