ग्रेटर नोएडा : जलपुरा गांव में दहेज प्रताड़ना के आरोप में शादी के महज 14 महीने बाद 24 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने आरोप लगाया है कि स्कॉर्पियो कार और एक करोड़ रुपये दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष फॉर्च्यूनर कार की मांग कर रहा था। इसी विवाद में दीपिका की पिटाई कर तीसरी मंजिल से फेंककर हत्या कर दी गई।
दीपिका नागर (24) कूड़ी खेड़ा बादलपुर की रहने वाली थीं। उन्होंने बीएड पूरा किया था। शादी महज 14 महीने पहले धूमधाम से हुई थी। परिवार के अनुसार, दहेज में स्कॉर्पियो कार और एक करोड़ रुपये दिए गए थे, इसके बावजूद ससुराल वाले और मांग करते रहे।
परिवार का आरोप
दीपिका की मां ने बताया कि बेटी रिश्तों की मर्यादा रखते हुए सब कुछ सहती रही। चाचा सुनील ने कहा, “बहुत दहेज दिया था, फिर भी उनकी लालच खत्म नहीं हुई। दीपिका को नाजुक हालत में अस्पताल में छोड़कर ससुराल वाले फरार हो गए थे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि फॉर्च्यूनर कार की मांग को लेकर दीपिका की बुरी तरह पिटाई की गई और फिर तीसरी मंजिल से फेंक दिया गया। गांव में इस घटना से रोष व्याप्त है। स्थानीय लोग इसे बेहद शर्मनाक बता रहे हैं।
ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने मामले में दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दीपिका ने मानसिक प्रताड़ना के चलते तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
गिरफ्तारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ऋतिक बीए एलएलबी का छात्र है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। उसके पिता मनोज जलपुरा गांव के पूर्व प्रधान हैं और उनके पास तीन स्कूल हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण नहीं मिला है। पुलिस ने बिसरा सुरक्षित कर लैब जांच के लिए भेज दिया है। मृतका के मोबाइल, कॉल डिटेल्स और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर जांच चल रही है। कुछ आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।



0 टिप्पणियाँ