बस्ती : बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव के पीछे मंगलवार सुबह एक युवक का नग्न शव खेत में पड़ा मिला। शव का सिर पूरी तरह कुचला हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को फेंकने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने सुबह खेतों की ओर जाते समय यह भयावह दृश्य देखा और तुरंत सूचना लालगंज पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक का शव नग्न अवस्था में पड़ा था। शव के पास से एक बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस के प्रारंभिक जांच के अनुसार, बाइक के नंबर प्लेट से युवक कोतवाली थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि, शव की आधिकारिक पहचान अभी पुष्टि के अधीन है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गहन जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस जांच में जुटी
लालगंज पुलिस युवक की पहचान, उसके परिजनों से संपर्क और आखिरी बार कहां देखा गया, इसकी जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और शव को जयरामपुर गांव के खेत में फेंक दिया गया।
इलाके में दहशत का माहौल है। नग्न अवस्था में कुचले हुए शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के इलाके में भय और आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोग पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ तेज कर दी है और सीसीटीवी फुटेज व संभावित गवाहों की तलाश कर रही है।

0 टिप्पणियाँ