Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

लखनऊ : पीजीआई कल्ली पश्चिम में रियल एस्टेट कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, जमीन-रुपये के विवाद का शक - INA NEWS

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे रियल एस्टेट कारोबारी संदीप कुमार (40) की बाइक सवार दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने इस घटना को साजिशपूर्ण बताया है और हमलावरों की तलाश में पांच टीमें लगाई हैं। शुरुआती जांच में जमीन और रुपये के विवाद का मामला सामने आया है।


मूल रूप से जौनपुर के सिकरारा टिकरी गांव निवासी संदीप कुमार पीजीआई के वृंदावन कालिंदी पार्क के पास किराए के मकान में रहते थे। उनकी कंपनी PSS Builders का कार्यालय कल्ली पश्चिम में है। वह मोहनलालगंज और रायबरेली हाईवे के आसपास प्लॉटिंग का काम करते थे।

बुधवार दोपहर संदीप अपने कर्मचारी विपिन कुमार के साथ कार से दफ्तर पहुंचे। जैसे ही वह कार से उतरकर फोन पर बात करते हुए दफ्तर की तरफ बढ़े, सफेद गमछा लपेटे एक हमलावर उनके पास पहुंचा और एक के बाद एक तीन गोलियां चला दीं। एक गोली सीने में, एक पेट में और एक सिर में लगी। संदीप खून से लथपथ वहीं गिर पड़े।
हमलावर तुरंत अपने बाइक सवार साथी के साथ रायबरेली रोड की ओर भाग निकला। कर्मचारी विपिन ने शोर मचाया और आसपास के लोगों की मदद से संदीप को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण पुलिस से उनकी बात नहीं हो सकी। शाम करीब 4 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

साजिश की आशंका
डीसीपी साउथ अमित आनंद ने बताया कि पूरी घटना साजिश के तहत अंजाम दी गई। बदमाश पहले से घात लगाकर संदीप का इंतजार कर रहे थे। वारदात मात्र 50 सेकंड में पूरी कर ली गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि संदीप के पहुंचते ही हमलावर ने गोलियां चलाईं, जबकि उसका साथी बाइक पर हेलमेट पहने तैयार बैठा था।
पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। छानबीन में पता चला है कि संदीप पिछले चार-पांच वर्षों से जमीन कारोबार से जुड़े थे और इस दौरान कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया था।

परिवार में मातम
संदीप कुमार अपनी पत्नी प्रीति, बेटे सार्थक और बेटी सिवी के साथ रहते थे। एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार के अनुसार, परिजनों ने बताया कि पिछले तीन-चार महीनों से संदीप का जमीन और रुपये को लेकर कुछ लोगों से तनाव चल रहा था। पुलिस रंजिश के एंगल से भी गहन जांच कर रही है।

पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस और दक्षिण जोन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डीसीपी ने कहा कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच चल रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ