मुरादाबाद : मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार पुलिस चौकी के सामने हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी 25 हजार रुपये इनामी बदमाश मनीष को पुलिस ने बृहस्पतिवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सिविल लाइंस, कांशीराम नगर, मऊ निवासी पीएसी से सेवानिवृत्त दरोगा धनीराम के बेटे विवेक कुमार उर्फ सोनू के साथ सोमवार को बुद्धि विहार गोल चक्कर पर नारियल के कारोबार को लेकर आर्यन चौधरी और जीशान के बीच विवाद हो गया था। विवाद सुलझाने के लिए सोमवार रात लाइनपार चौकी पर समझौता करने गए थे।
समझौता के बाद जब विवेक, आर्यन और उनके साथी घर लौट रहे थे, तभी रात करीब 8:45 बजे लाइनपार चौकी के सामने ही मझोला के बैंक कॉलोनी निवासी वरुण ठाकुर, दीपक, अंकित, मनीष, संतोष और अमन ठाकुर ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। विवेक कुमार उर्फ सोनू के कंधे में गोली लग गई। सभी आरोपी घटना के बाद दिल्ली रोड की ओर भाग निकले।
इनाम घोषित, फिर हुई मुठभेड़
एसएसपी ने सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। पुलिस टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई थीं।
बृहस्पतिवार रात सूचना मिली कि आरोपी मनीष (नया मुरादाबाद क्षेत्र में) छिपा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी की तो मनीष ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र के टोडी वाजिदपुर निवासी मनीष को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पैर में गोली लगी है।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मनीष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी है।
बोलेरो घोटाले का भी जिक्र
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनीष पर पहले भी बोलेरो गाड़ी बेचकर पैसे लेने के बाद नाम ट्रांसफर न करने और डुप्लीकेट चाबी बनाकर गाड़ी चोरी कर जयपुर में 2 लाख रुपये में बेचने का आरोप है। टोल प्लाजा मैसेज और सीडीआर से इस मामले का राज खुला था। पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर वारंट जारी किए हुए थे।

0 टिप्पणियाँ