बरेली : सुभाषनगर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज ढाई महीने बाद एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी देते हुए मृतका की भाई शालू ने बताया कि उनकी बहन शालिनी का अक्षय के साथ प्रेम विवाह 19 फरवरी 2025 को हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में कार की मांग कर रहे थे। शालिनी अपने भाई को कई बार फोन पर बताती थी कि ससुराल वाले उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
2 मई की घटना:
शालिनी ने सुबह 8 बजे अपने भाई शालू को फोन कर रोते हुए बताया कि ससुराल वाले उसे मायके जाने नहीं दे रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। इसके बाद शनिवार रात को पति अक्षय ने भी शालू को फोन किया।
रविवार सुबह शालिनी का शव घर में पड़ा मिला। परिजनों ने तुरंत सुभाषनगर पुलिस को सूचित किया। मृतका के भाई शालू ने सुभाषनगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन को तहरीर देकर पति अक्षय और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
शालू का बयान:
“बहन शादी के बाद से ही परेशान थी। बार-बार दहेज की मांग की जा रही थी। उसने खुद मुझे जान का खतरा बताया था।”
बिहारीपुर वाल्मीकि मंदिर के पास रहने वाले शालू परिवार की ओर से न्याय की मांग की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ