कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के चकथामा गांव में रविवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। चूल्हे की पुताई के लिए तालाब किनारे मिट्टी खोद रही महिलाओं और बच्चों पर अचानक मिट्टी का बड़ा टीला भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
रविवार सुबह करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच गांव की गीता देवी (35) पत्नी लल्लू, उनकी बेटी अंकिता (6), बेटा अमित (10), पड़ोसिन उत्तरा देवी (55) और जितिया देवी (45) चूल्हे की पुताई के लिए मिट्टी निकालने गई थीं। तालाब किनारे मिट्टी खोदते समय ऊपर का मिट्टी का टीला अचानक ढह गया और सभी लोग उसकी चपेट में आ गए।
घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी को मिट्टी के नीचे से निकाला। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गीता देवी, उनकी बेटी अंकिता और उत्तरा देवी को मृत घोषित कर दिया। अमित (10) और जितिया देवी (45) का इलाज चल रहा है। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि मिट्टी खोदने के दौरान टीला धंसने से यह हादसा हुआ है। तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर जांच कर रहा है। हादसे के बाद पूरे चकथामा गांव में शोक का माहौल छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
0 टिप्पणियाँ