मृतक मलखान कच्ची बस्ती में अपनी पत्नी अर्चना और बच्चों के साथ झोपड़ी में रहता था। एक महीने से उसकी बेटी आरती और दामाद राजकरन भी वहीं रह रहे थे। 26 अप्रैल की रात झोपड़ी के पीछे शोर सुनकर मलखान के पिता लल्लू मौके पर पहुंचे तो देखा कि राजकरन, आरती और अर्चना मिलकर मलखान को लाठियों से बुरी तरह पीट रहे थे।
मलखान को लहूलुहान हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छह दिन बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की हड्डियां चकनाचूर पाई गईं। चिकित्सकों ने कोमा और अत्यधिक खून बहने को मौत का कारण बताया है।
पिता ने दी थी रिपोर्ट
घटना के दो दिन बाद 28 अप्रैल को मलखान के पिता लल्लू ने गुजैनी थाने में पत्नी अर्चना, बेटी आरती और दामाद राजकरन के खिलाफ प्रयास हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब मलखान की मौत के बाद पुलिस इस मामले को हत्या (302 धारा) में बदल रही है।
गुजैनी थानाप्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी दामाद राजकरन को शनिवार को मध्य प्रदेश के रीवा से गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में नशेबाजी से संबंधित बात सामने आई है।
0 टिप्पणियाँ