गोरखपुर : गीडा थाना क्षेत्र के नगवा गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे सड़क पर रास्ता देने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुलेट बाइक सवार कुछ मनबढ़ युवकों ने कार चालक को गाड़ी से खींचकर बुरी तरह पीटा और फिर कार का शीशा तोड़कर उसमें आग लगा दी।
घटना की जानकारी देते हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नगवा गांव निवासी नंदन पांडे किराए की कार चलाकर अपना गुजारा करते हैं। वह सोमवार रात कार लेकर घर लौट रहे थे, तभी गांव की संकरी गली में सामने से बुलेट बाइक पर सवार कुछ युवक आ गए। रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों ने नंदन को कार से बाहर खींच लिया और जमकर मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने कार का शीशा तोड़ दिया और फिर कार में आग लगा दी। कुछ ही देर में कार धू-धू कर जलने लगी। चालक नंदन के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनके बीच-बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने किसी तरह नंदन की जान बचाई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित युवक मौके से फरार हो गए। मारपीट में घायल नंदन पांडे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गीडा थाना पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया, "मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
घटना के बाद पूरे नगवा गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ