Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

करनाल : तीन माह की मासूम बेटी का गला घोंटकर हत्या, शव नाले में फेंका - TNI NEWS

करनाल : शराब के नशे और घरेलू विवाद में नाराज पिता ने मात्र तीन महीने की अपनी नन्ही बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी और शव मुगल कैनाल के नाले में फेंक दिया। इसके बाद वह थाने पहुंचकर बच्ची के छिन जाने की झूठी शिकायत करने लगा। पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल लिया।


मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। आरोपी सोनू (मूल निवासी उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के भट्टपुरवा गांव) ने छह साल पहले अनीता के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों की तीन साल की बड़ी बेटी संध्या और तीन माह की छोटी बेटी देव्यांशी है।

घटना की पूरी कहानी
पुलिस के अनुसार, सोनू पानी के कैंपर की सप्लाई का काम करता है और अलग किराए के कमरे में रहता था। वह नियमित रूप से शराब पीता था, जिसके चलते पत्नी अनीता से लगातार विवाद होता रहता था। चार महीने पहले अनीता अपनी तीन साल की बेटी और गर्भवती अवस्था में पति के घर छोड़कर अपने माता-पिता बाबू राम और सुनीता के पास करनाल के चार चमन इलाके में झोपड़ी में रहने आ गई थी।

रविवार रात करीब 11:30 बजे सोनू शराब के नशे में पत्नी के पास आया। खाना देने के बावजूद वह खाए बिना चला गया। रात में दोबारा आकर उसने पत्नी को गालियां दीं और छोटी बेटी देव्यांशी को छीनकर ले गया।

थाने में दी झूठी शिकायत
रात में ही सोनू सिविल लाइन थाने पहुंच गया और बताया कि किसी ने उसकी बच्ची को छीन लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। इस दौरान बच्ची की मां अनीता और उसके परिवार वालों से पूछताछ की गई। परिवार ने बताया कि बच्ची सोनू के पास है।

पुलिस ने सोनू को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। उसने बताया कि शराब के नशे में उसने बच्ची का गला दबाकर हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया।

सुबह बरामद हुआ शव
सोमवार सुबह पुलिस ने आरोपी सोनू को घटनास्थल पर ले जाकर तलाशी ली। मुगल कैनाल के नाले से बच्ची का शव बरामद कर लिया गया।

सिविल लाइन थाना प्रभारी रामलाल ने बताया, "आरोपी ने शराब पीने पर पत्नी के साथ होने वाले झगड़ों और बच्चों की परवरिश को लेकर उत्पन्न तनाव को हत्या का कारण बताया है।"

प्राथमिकी दर्ज
मां अनीता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सोनू के खिलाफ हत्या (302), बच्चे की हत्या और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आगे की जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ