लखनऊ : ठाकुरगंज के विश्वनगर मल्हाई टोला में 29 वर्षीय नवविवाहिता श्वेता सिंह की फंदे से लटकती हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। परिजनों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पति भूपेंद्र सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्वेता सिंह की शादी 22 मई 2025 को काशी विहार निवासी प्रताप सिंह और रचना सिंह के बेटे शिवम सिंह उर्फ भूपेंद्र सिंह से हुई थी। भूपेंद्र एक निजी लैब में काम करता है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनके ससुराल में उनका शव फंदे से लटका मिला।
मृतका की बड़ी बहन और पिता उमेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के तुरंत बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग कर रहा था। उन्होंने बताया कि शादी के दिन ही दूल्हे ने भारी दहेज की मांग रखी थी, जो पूरी न होने पर नाराजगी जताई गई। विदाई के समय भी श्वेता को परिवार से मिलने नहीं दिया गया।
पिता का आरोप
उमेश कुमार सिंह ने कहा, "मेरी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि यह सोची-समझी हत्या है। वे लोग 10 लाख रुपये और एक कार की मांग कर रहे थे। जनवरी से ही लगातार प्रताड़ना दी जा रही थी। हमने अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च करके शादी की थी, लेकिन फिर भी वे संतुष्ट नहीं हुए।"
परिवार का कहना है कि श्वेता परिवार की सबसे छोटी और सबसे लाडली बेटी थी। मौत से पहले सुबह 11:30 बजे उसकी अपनी मां से बात हुई थी, जो अस्पताल में ICU में भर्ती हैं। उस समय श्वेता बिल्कुल सामान्य लग रही थी।
पुलिस की कार्रवाई
डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि उमेश कुमार सिंह की लिखित शिकायत पर ठाकुरगंज पुलिस स्टेशन में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया है। पति भूपेंद्र सिंह और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी
0 टिप्पणियाँ