फतनपुर थाना क्षेत्र के सुवंसा बड़ी नहर के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक घायल का प्रयागराज में इलाज चल रहा है।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, फिर अनियंत्रित होकर दूसरी मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान:
शिवम केशरी (45 वर्ष), पुत्र गंगा प्रसाद केशरी, निवासी कोतवाली नगर, प्रतापगढ़ ,घनश्याम तिवारी (50 वर्ष), पुत्र पारसनाथ तिवारी, निवासी पटहटिया कला ,घायल: लक्ष्मी नारायण उर्फ बाबा (पुत्र रमाकांत), निवासी सेनापुर, जिनका फिलहाल प्रयागराज के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को गौरा सीएचसी पहुंचाया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घनश्याम तिवारी के परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले जाकर अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज रवाना कर दिया।
चौकी इंचार्ज राहुल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की जानकारी उनके पास नहीं है। थानाध्यक्ष मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश जारी है।

0 टिप्पणियाँ