Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

वाराणसी : 10 वर्षीय मासूम की शादी में हर्ष फायरिंग की गोली से दर्दनाक मौत, मातम में बदल गई खुशियां - TNI NEWS

वाराणसी: शादी समारोह की रौनक और खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। हर्ष फायरिंग के दौरान अनियंत्रित गोली लगने से 10 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार रात वाराणसी के सदर कोतवाली क्षेत्र के गंगा शिवपुर दियर स्थित पांडेय डेरा में हुई।

मृतक की पहचान पीयूष यादव (10 वर्ष) पुत्र संजय यादव के रूप में हुई है। पीयूष अपने पिता के साथ बारात में शामिल होने गया था। रात करीब सवा 10 बजे बारात के दौरान कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान चली एक गोली सीधे मासूम पीयूष को लग गई।

गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल बालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस की कार्रवाई

सदर कोतवाली पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने वाला व्यक्ति मृतक पीयूष का ही रिश्तेदार बताया जा रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

प्रशासन की चेतावनी

प्रशासन ने एक बार फिर हर्ष फायरिंग को लेकर सख्त चेतावनी दी है। शादी-ब्याह या किसी भी उत्सव में फायरिंग न करने की अपील की जा रही है, क्योंकि यह न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि निर्दोष लोगों की जान भी ले सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ