मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश): जिले में शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना हुई है। सद्भावना नगर कॉलोनी में टहलने निकले पूर्व प्रधान व अधिवक्ता राजीव सिंह (50) को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उनके सीने में गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक राजीव सिंह विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी गांव के रहने वाले थे और कई वर्षों से कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारू का पूरा स्थित सद्भावना नगर में रह रहे थे। वे प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह टहलने निकले थे। टहलकर घर वापस लौट रहे थे कि सद्भावना नगर चौराहे के पास दो बदमाश बाइक पर आए और एक ने तमंचे से उनके सीने में गोली दाग दी।
घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी रिकॉर्ड हो गया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। एसपी ने बताया कि मृतक राजीव सिंह और आरोपी दोनों एक ही गांव देवरी के रहने वाले हैं। दोनों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह हत्या की गई है।
परिजनों ने नामजद तहरीर दी है, जिसके आधार पर कटरा कोतवाली पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
मृतक राजीव सिंह स्थानीय स्तर पर पूर्व प्रधान के रूप में भी जाने जाते थे और वकील के रूप में भी सक्रिय थे। उनकी हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजन और स्थानीय लोग पूरे दिन सद्भावना नगर में जमा रहे और न्याय की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
.png)
0 टिप्पणियाँ