प्रयागराज, 17 अप्रैल 2026: प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके गुर्गों के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर आवासीय योजना विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस जमीन पर शहरवासियों को सस्ती दरों पर घर उपलब्ध कराए जाएंगे।
पीडीए की ओर से शासन को पत्र लिखकर तहसील सदर के कटहुआ गौसपुर क्षेत्र में स्थित 5.510 हेक्टेयर (55,100 वर्ग मीटर) कुर्क जमीन निशुल्क उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। यह जमीन उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 (गैंगस्टर एक्ट) के तहत कुर्क की गई है।
सूत्रों के अनुसार, प्रयागराज के विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) ने 16 जुलाई 2024 को उत्तर प्रदेश राज्य बनाम अतीक अहमद व अन्य मामले में इन संपत्तियों को राज्य में निहित कर दिया था। अब पीडीए इन जमीनों को जनोपयोगी कार्यों में लगाने की योजना बना रहा है।
पीडीए ने राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया है कि भूमाफिया से खाली कराई गई जमीनों का उपयोग आवासीय समस्याओं के निराकरण के लिए किया जाना चाहिए। प्राधिकरण द्वारा भूमाफिया की कुर्क संपत्तियों का नियमानुसार विकास कर सस्ते आवास उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
पत्र के साथ पीडीए ने कुल 16 कुर्क संपत्तियों की सूची और प्रत्येक संपत्ति पर दर्ज आराजीदारों के नाम भी शासन को उपलब्ध कराए हैं। इनमें कटहुआ गौसपुर की 5.510 हेक्टेयर जमीन मुख्य रूप से शामिल है।
पीडीए अधिकारियों का कहना है कि विभिन्न जनपदों में भूमाफिया से मुक्त कराई गई जमीनों को अब आम जनता के हित में लगाया जाएगा। इस योजना से शहर में आवास की कमी को दूर करने और मध्यम वर्ग के लोगों को सस्ते मकान उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
.png)
0 टिप्पणियाँ