पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी तनिष, पीयूष, सुमित और प्रदीप अपने परिजन की अस्थियां विसर्जित करने ब्रजघाट पहुंचे थे। अस्थि विसर्जन के दौरान चारों युवक धीरे-धीरे गंगा के बीच की ओर बढ़ गए। अचानक तेज धारा में उनके पैर फिसल गए और वे तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। युवकों की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद नाविक और गोताखोर तुरंत गंगा में कूद पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद सभी चारों को बाहर निकाला गया।
प्रदीप ,अस्पताल में भर्ती
हादसे में प्रदीप की हालत सबसे ज्यादा बिगड़ी। उसे तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य तीन युवक सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ स्तुति सिंह ने बताया, “स्नान और अस्थि विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा टल गया। सभी युवकों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। परिजनों को सूचना दे दी गई है और अस्पताल में उपचार चल रहा है।”
पुलिस की अपील
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में अस्थि विसर्जन या स्नान करते समय गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से पूरी तरह बचें। ब्रजघाट पर अक्सर तेज धारा होती है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।
0 टिप्पणियाँ