नई दिल्ली: दिल्ली में एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग में 9 लोगों की मौत हो गई। आग पर कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सुबह करीब 8:00 बजे डीओ मुकेश वर्मा की ओर से 'STOP' संदेश भेजा गया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि आग इमारत के कम से कम छह फ्लैटों में रखे घरेलू सामान से शुरू हुई थी।
बचाव अभियान के दौरान अलग-अलग मंजिलों से नौ जली हुई लाशें बरामद की गईं। इनमें पहली मंजिल से 1, दूसरी मंजिल से 5 और बंद सीढ़ी से 3 शव मिले। सभी शवों को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि आग मुख्य रूप से इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैली। घटना स्थल पर 12 दमकल गाड़ियां तैनात की गई थीं। DDMA कर्मचारियों, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
पुलिस के मुताबिक, आग की चपेट में आए लगभग 10-15 लोगों को सुरक्षित बचाया गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि इस दुर्घटना में कुल 9 लोगों की जान चली गई। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए सबूत जुटा रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ