Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

ads header

बिजनौर : एक साथ दो डिलीवरी कर रही थी फर्जी डॉक्टर,डिलीवरी के दौरान महिला की मौत, हंगामा - TNI NEWS

बिजनौर : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की महादेवपुरम कॉलोनी में एक घर में अवैध रूप से चल रहे अस्पताल में डिलीवरी के दौरान 27 वर्षीय गर्भवती महिला उषा की मौत हो गई। घटना बुधवार को हुई, जिसके बाद परिजनों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा कर दिया। परिजनों का आरोप है कि खुद को डॉक्टर बताने वाली महिला ने जबरन नॉर्मल डिलीवरी कराई और एक साथ दो डिलीवरियां कर रही थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उषा की मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, थाना नांगलसोती के गांव शहजादपुर निवासी जोगेंद्र की पत्नी उषा (27) का यह तीसरा प्रसव था। परिजनों ने उसे महादेवपुरम कॉलोनी स्थित कथित अवैध अस्पताल में भर्ती कराया था। डिलीवरी के दौरान बच्चे का जन्म तो सुरक्षित रूप से हो गया, लेकिन महिला में भारी रक्तस्राव शुरू हो गया और इलाज के बावजूद उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल चलाने वाली महिला (जो खुद को डॉक्टर बता रही थी) एक समय में दो डिलीवरियां करा रही थी। उन्होंने दावा किया कि जबरदस्ती प्रसव कराने के कारण ही रक्तस्राव बढ़ा और उषा की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही गुस्साए परिजन अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की बात कही।

शहर कोतवाली थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। दोनों पक्षों में बातचीत के बाद समझौता हो गया है, इसलिए फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ