लखनऊ (यूपी): राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव खेत में पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर प्रतीत होता है कि महिला के साथ पहले मारपीट की गई और फिर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। महिला ने हमलावरों से बचने के लिए काफी संघर्ष किया, जिसके निशान उसके शरीर पर स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
सुबह करीब 8 बजे जब ग्रामीण रफीक के खेत में काम करने पहुंचे तो उनकी नजर शव पर पड़ी। महिला मैक्सी पहने हुए थी, जबकि उसके नंगे पैर थे। पेटीकोट और दुपट्टा शव के पास ही पड़े मिले। खासकर दोनों हाथों पर लाठी-डंडों से मारपीट के काले-नीले निशान साफ दिख रहे हैं।
ग्राम पंचायत इब्राहिम गंज के प्रधान शकील ने बताया कि महिला के साथ क्रूर मारपीट की गई है और दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही एडीसीपी धनंजय कुशवाहा के नेतृत्व में काकोरी, पारा और दुबग्गा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अब महिला की शिनाख्त करने में जुटी हुई है। आसपास के गांवों और लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों का खुलासा कर लिया जाएगा।
.png)
0 टिप्पणियाँ